जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र के कुंदरुकोचा में डायन-बिसाही के अंधविश्वास से जुड़ी एक दर्दनाक घटना में नया मोड़ सामने आया है. कुंदरुकोचा टोला खड़ियासाई निवासी राम सरदार (50), जिसने बिंदासाई निवासी बुजुर्ग महिला बुस्की मुर्मू की हत्या की थी, उसकी भी इलाज के दौरान मौत हो गई. परिजनों के अनुसार राम सरदार पिछले एक सप्ताह से बीमार था. रविवार शाम वह बुनुडीह स्थित एक ओझा के पास इलाज कराने गया था. बताया जाता है कि ओझा ने उसकी बीमारी का कारण कथित तौर पर “डायन का प्रकोप” बताया. ओझा की बातों में आकर राम सरदार ने बुस्की मुर्मू को डायन मान लिया. (नीचे भी पढ़ें)
रविवार रात करीब 11 बजे ओझा के यहां से लौटने के बाद वह घर से निकल गया और सोमवार सुबह बिंदासाई में बुजुर्ग महिला बुस्की मुर्मू की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी. घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया. गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी राम सरदार को पकड़कर बिजली के खंभे से रस्सी से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया. इलाज के दौरान बुधवार शाम करीब 4 बजे उसकी मौत हो गई. मृतक राम सरदार अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. यह घटना अंधविश्वास और डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाओं के दुष्परिणाम को एक बार फिर उजागर करती है.








