जमशेदपुर: एमजीएम थाना अंतर्गत देवघर एवं पलासबनी पंचायत क्षेत्र में लगातार बढ़ रही पशुओं की चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय ग्रामीणों एवं सामाजिक संगठनों में गहरी चिंता देखी जा रही है. इसी समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीण एव अन्य संगठन के सदस्यों ने संयुक्त रूप से थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा.ज्ञापन के माध्यम से संस्थान के प्रतिनिधियों ने बताया कि बीते कुछ महीनों से क्षेत्र में गाय, बैल एवं अन्य पालतू पशुओं की चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है. इससे ग्रामीणों एवं पशुपालकों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. चोरी करने वाले पशुओं को नशीला पदार्थ खिलाकर घटना को अंजाम दे रहे हैं. ग्रामीणों का कहना यह भी है कि पशुपालन ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है और चोरी की घटनाओं के कारण उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है.(नीचे भी पढ़े)
पंचायत के लोगों थाना प्रभारी से मांग की कि क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाई जाए, संदिग्ध लोगों पर निगरानी रखी जाए तथा पशु चोरी में शामिल गिरोहों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए.ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि समय रहते इस समस्या पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है. उन्होंने प्रशासन से ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की भी मांग की.थाना प्रभारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लिया जाएगा तथा क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाकर पशु चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. साथ ही ग्रामीणों से भी किसी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।इस अवसर पर उतम प्रधान, सानंद प्रधान (सांसद प्रतिनिधि) ,शिमल मुर्मू, कड़ाकर गोप,प्रहलाद गोप, सोनाराम मुर्मू, सुमतो गौड़,सुनील हेंब्रम,जगेन गौड,रमेश तनतुबाई,मनेशवर गौड, दिनेश गोप,सुरज साह, जसवंत महतो, चित्रसेन गोप,अजीत गोप,गुरूदेव गोप,ग्रामीण एवं पशुपालक उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की.








