बोड़ाम: पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में बोड़ाम थाना क्षेत्र के चामेडीह गांव में उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी कर 50 बोतल बीयर बरामद की और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया. जानकारी के अनुसार पूर्वी सिंहभूम के सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया. छापेमारी के दौरान टीम ने हेवर्ड्स बोल्ड बीयर की 50 बोतलें जब्त कीं. बरामद बीयर की बोतलों पर “सेल इन वेस्ट बंगाल ओनली” अंकित था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि बीयर को अवैध रूप से पश्चिम बंगाल से लाकर क्षेत्र में बिक्री के लिए रखा गया था. (नीचे भी पढ़ें)
कार्रवाई के दौरान मौके से रंजीत गोप उर्फ पाटिया को गिरफ्तार किया गया. उत्पाद विभाग ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उत्पाद विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें. विभाग ने स्पष्ट किया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.







