गालूडीह: प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभुकों की सूची के सत्यापन के लिए बड़ाखूर्शी पंचायत के निश्चितपुर और कुलियाना गांव में ग्रामसभा का आयोजन किया गया. ग्रामसभा में पंचायत प्रतिनिधियों, वार्ड सदस्यों और ग्रामीणों की उपस्थिति में पात्र एवं अपात्र लाभुकों की सूची का बिंदुवार सत्यापन किया गया. इस दौरान ग्रामीणों से सूची पर आपत्तियां एवं सुझाव भी लिए गए, ताकि वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ मिल सके. (नीचे भी पढ़ें)
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि ग्रामसभा के सत्यापन के बाद अंतिम सूची तैयार कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. ग्रामसभा में योजना में पारदर्शिता बनाए रखने और पात्र लाभुकों को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया. ग्रामीणों से अपील की गई कि वे सही जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम सूची से वंचित न रहे. मौके पर पंचायत सेवक मानस पाल, मुखिया हरिपद सिंह, पंसस रतन महतो, वार्ड सदस्य योगेंद्र महतो, ग्राम प्रधान अतनु महतो आदि उपस्थित थे.







