जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो के डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पार्किंग व्यवस्था को लेकर पुलिस और गृह रक्षकों के बीच विवाद गहरा गया है. गुरुवार रात अस्पताल परिसर से बाइक चोरी होने के बाद एमजीएम थाना प्रभारी सचिन कुमार दास अस्पताल पहुंचे और इमरजेंसी वार्ड के पास लगाई गई बैरिकेडिंग, रस्सी एवं घेराबंदी को हटवा दिया. इस दौरान ड्यूटी पर तैनात गृह रक्षकों को फटकार लगाने और परेड कराने की कार्रवाई से माहौल तनावपूर्ण हो गया. (नीचे देखे पूरी खबर)

गृह रक्षकों ने थाना प्रभारी पर अभद्र व्यवहार करने, ड्यूटी में हस्तक्षेप करने और उनका मनोबल गिराने का आरोप लगाया है. गार्ड प्रभारी दिग्विजय पांडेय ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग की है. शिकायत में कहा गया है कि अस्पताल प्रशासन के निर्देश पर ही बैरिकेडिंग और पार्किंग व्यवस्था लागू की गई थी, जिसे पुलिस द्वारा हटाए जाने से भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई. गृह रक्षकों का कहना है कि अस्पताल परिसर के भीतर सुरक्षा व्यवस्था उनकी जिम्मेदारी है, जबकि अस्पताल के बाहर होने वाली चोरी की घटनाओं के लिए उन्हें जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता. (नीचे देखे पूरी खबर)
वहीं थाना प्रभारी सचिन कुमार दास ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सभी वाहनों को अस्पताल परिसर के अंदर ही पार्क करने का निर्देश दिया है. विवाद बढ़ने के बाद मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार, अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा और पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार की संयुक्त बैठक हुई. डीएसपी दयानंद कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और अस्पताल में व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पूर्ववत पार्किंग व्यवस्था बहाल करने का प्रयास किया जाएगा. दूसरी ओर, थाना प्रभारी सचिन कुमार दास ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया. उन्होंने कहा कि पुलिस टीम रूटीन जांच के तहत अस्पताल पहुंची थी. जांच के दौरान शिकायत मिली थी कि इमरजेंसी के पास रस्सी बांधकर रास्ता अवरुद्ध किया गया है, जिससे मरीजों को लाने-ले जाने में परेशानी हो रही थी. इसी कारण उसे हटाया गया. उन्होंने बताया कि बाइक चोरी की शिकायत के बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई और गृह रक्षकों को ड्यूटी के दौरान नेम प्लेट लगाने, टोपी पहनने तथा निर्धारित वर्दी में रहने का निर्देश दिया गया. इस बीच शुक्रवार को अस्पताल पार्किंग क्षेत्र से एक और बाइक चोरी होने की घटना सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और पुलिस-गृह रक्षक विवाद के कारण अस्पताल प्रशासन तथा पुलिस महकमे में चर्चा का माहौल बना हुआ है.






