
जमशेदपुर : टाटा स्टील के लैंड डिपार्टमेंट में मैनपावर को नये सिरे से तय किया गया है. इसको लेकर लैंड डिपार्टमेंट के आरओ (रिऑर्गेनाइजेशन) का समझौता गुरुवार को हुआ. इस समझौता के तहत वर्तमान में जो मैनपावर की संख्या 31 है, उसको 28 करने का फैसला लिया गया. अभी इंप्लाइज ऑन रोल (कार्यरत कर्मचारी की संख्या) 31 है. वैसे मैनेजमेंट की ओर से मैनपावर को 21 करने का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन वहां के कमेटी मेंबर शिवशंकर सिंह की कड़ी आपत्ति के बाद मैनेजमेंट और यूनियन के आला अधिकारियों ने बातचीत की, जिसके बाद मैनपावर को 28 तय किया गया. गुरुवार को टाटा स्टील के वीपी सीएस चाणक्य चौधरी, मैनेजमेंट की एचआर से जुड़ी अधिकारी दीपा वर्मा, एडमिनिस्ट्रेशन रितुराज सिन्हा, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय के अलावा कमेटी मेंबर शिवशंकर सिंह मौजूद थे. इस बैठक के दौरान तय किया गया कि मैनपावर 28 होगा, लेकिन सारे लोग अपने विभागों में ही काम करते रहेंगे. इस दौरान तय किया गया कि करीब 22 लोगों का अपग्रेडेशन होगा और बचे हुए लोगों का प्रोमोशन के साथ अन्य सारे लाभ भी मिलेंगे. लैंड डिपार्टमेंट का रिऑर्गेनाइजेशन काफी वर्षों से लटका हुआ था, जिसको गुरुवार को फाइनल किया गया.




