जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत मस्जिद रोड स्थित बाबा अखाड़ा के सामने गुरुवार को गाली-गलौज करने पर मना करने से नशेड़ियों ने स्थानीय निवासी रंजीत कर्मकार को चापड़ से मारकर घायल कर दिया. इस घटना में रंजीत के सिर पर गंभीर चोटें आई है. घटना के बाद सभी युवक मौके से फरार हो गए. इधर रंजीत को उसके परिजनों ने इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज चल रहा है. (आगे की खबर नीचे पढें)
घटना के संबंध में रंजीत ने बताया कि वह अपने काम से वापस घर आया और घर पर हाथ-पैर धो रहा था. उसी बीच घर के बाहर एक युवक नशे में आकर गाली-गलौज कर रहा था. उसे घर के बाहर गाली-गलौज करने से मना किया, तो वह युवक बहस करने लगा और वहां से चला गया. थोड़ी देर बाद वह 15-20 युवकों के साथ आया और मारपीट शुरू कर दी. युवक अपने साथ चापड़ और लाठी-डंडे लेकर आए थे. उनमें से सभी ने उस पर हमला कर दिया और फरार हो गए.








