जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के एनएच-33 स्थित बड़ाबांकी जेब्रा क्रॉसिंग के पास शनिवार दोपहर हुए सड़क हादसे में भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक पर सवार मासूम को हल्की चोटें आईं है. हादसा एक अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से हुआ, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गया. मिली जानकारी के अनुसार बेको गांव निवासी कृष्णा प्रमाणिक (23) अपनी बहन लक्ष्मी प्रमाणिक (20) और दो वर्षीय भांजे विकास प्रमाणिक को लेकर सरायकेला-खरसावां जिले के माहलीमुरुप स्थित ससुराल से वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान बड़ाबांकी जेब्रा क्रॉसिंग के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. (नीचे भी पढ़े)

इसटक्कर में तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है.घायलों के पिता वनमाली प्रमाणिक ने बताया कि दुर्घटना में कृष्णा के दाहिने पैर की हड्डी टूट गई है, जबकि लक्ष्मी के सिर में गंभीर चोट लगी है. वहीं दो वर्षीय विकास को हल्की चोटें आई हैं और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है.घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन समेत फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.







