जमशेदपुर : राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए), नई दिल्ली द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी ) 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून (रविवार) को धालभूम (जमशेदपुर) अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. परीक्षा का समय सामान्य अभ्यर्थियों के लिए दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए शाम 6:15 बजे तक निर्धारित है. परीक्षा के दौरान शांति व्यवस्था एवं सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम, अर्नव मिश्रा द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के अंतर्गत निषेधाज्ञा जारी की गई है. (नीचे भी पढ़े)
आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्रों एवं उनके 200 मीटर के दायरे में मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का अनधिकृत उपयोग या वहन, परीक्षा में नकल अथवा नकल में सहायता हेतु पुस्तक, नोट्स, चिट आदि का उपयोग, पांच से अधिक व्यक्तियों का समूह बनाकर नारेबाजी या भाषण देना, हथियारों जैसे चाकू, लाठी, आग्नेयास्त्र आदि का प्रदर्शन या वहन करने, लाउडस्पीकर का उपयोग करने, पटाखों एवं उच्च ध्वनि उत्पन्न करने वाले आतिशबाजी सामग्री का उपयोग करने, सार्वजनिक सभा या ऐसा भाषण जिससे शांति एवं सौहार्द प्रभावित हो, पर प्रतिबंध होगा. यह आदेश परीक्षा में सम्मिलित होने वाले वैध प्रवेश-पत्रधारी अभ्यर्थियों तथा परीक्षा संचालन में अधिकृत कर्मियों पर लागू नहीं होगा. (नीचे भी पढ़े)
निषेधाज्ञा 20 जून की रात्रि 10:00 बजे से प्रभावी होकर 21 जून की रात्रि 9:00 बजे तक लागू रहेगी. आदेश के उल्लंघन पर बीएनएसएस की धारा 223 तथा अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन में सहयोग करने तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है. दूसरी ओर, इस परीक्षा को लेकर स्पेशल ट्रेन राउरकेला औऱ टाटानगर के बीच चलाया जाना है. यह ट्रेन राउरकेला से खुलेगी औऱ टाटानगर तक जाएगी. इसके अलावा कई ट्रेनों में अतिरिक्त बोगी जोड़ी गयी है.







