जमशेदपुर: साहित्य, कला एवं रंगमंच को समर्पित अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती जमशेदपुर महानगर इकाई के आयाम तरुण प्रभा के तत्वावधान में आयोजित योग दिवस के उपलक्ष्य में तरुणों में योग के माध्यम से सम्पूर्ण शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के माध्यम से जागरुकता लाने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व बर्मामाइन्स संत जेवियर्स स्कूल में “योग की माया निरोगी काया” विषय पर अंतर्विद्यालय विचार संप्रेषण एवं योग की मुद्राओं का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथि अध्यक्षा डॉ. रागिनी भूषण, तरुण प्रभा के संयोजक सुशील सिंह, विद्यालय के सचिव सौरभ गिरि ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया एवं विद्यालय के बच्चों ने ध्येय गीत गायन किया. विद्यार्थियों ने योग की मुद्राओं की जानकारी देते हुए भिन्न भिन्न मुद्राओं का प्रदर्शन कर अतिथियों और सभागार में उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. (नीचे भी पढ़े)

तद्पश्चात योग की माया निरोगी काया विषय पर विभिन्न विद्यालयों से आये विद्यार्थियों ने विचार सम्प्रेषण के माध्यम से योग के सभी आयामों और गुणों का विस्तृत वर्णन किया.अध्यक्ष डॉ. रागिनी भूषण ने योग के मर्म से अवगत कराया और समवेत स्वर में संदेशप्रद गीत से प्रेरित किया. वहीं झारखंड प्रांतीय संरक्षक कन्हैयालाल अग्रवाल ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन के माध्यम से अपने जीवनशैली को योग से समय -समय पर बदलने और स्वस्थ भारत का निर्माण करने का आह्वान किया. कार्यक्रम का सफल संचालन मंचीय कला विधा सह संयोजक विनोद कुमार, स्वागत वक्तव्य महामंत्री श्रीमती अरुणा भूषण, अध्यक्षीय वक्तव्य अध्यक्ष डॉ रागिनी भूषण एवं धन्यवाद ज्ञापन तरुण प्रभा संयोजक सुशील कुमार सिंह ने दिया.इस अवसर पर मंचीय कला संयोजिका श्रीमती अरुणा झा, साहित्य कला विधा संयोजिका डॉ. पुष्पा कुमारी, विद्यालय के शिक्षक / शिक्षिकाओं के अतिरिक्त अभिभावकों की उपस्थिति से कार्यक्रम सफल रहा. अंत में राष्ट्रगान से योग-उत्सव संपन्न हुआ.







