जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत पुड़ीसिल्ली स्थित लक्ष्मी ईंट भट्टा के समीप नदी में नहाने के दौरान शनिवार को जमशेदपुर के एक युवक की डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया.जानकारी के अनुसार, मानगो जवाहरनगर रोड नंबर-14 निवासी 19 वर्षीय मोहम्मद सलमान, पिता मोहम्मद सरफराज, अपने दो दोस्तों के साथ नदी में नहाने के लिए पुड़ीसिल्ली पहुंचा था. नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में लापता हो गया.घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. चांडिल इंस्पेक्टर रवि सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए. (नीचे भी पढ़े)

पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की सहायता से नदी में सघन खोज अभियान चलाया. काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक का शव नदी से बाहर निकाल लिया.शव मिलने की सूचना पर मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए. जवान बेटे की मौत से परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में मौत का कारण नदी में डूबना माना जा रहा है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नदी और जलाशयों में नहाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. प्रशासन ने भी बरसात के मौसम में गहरे पानी वाले क्षेत्रों से दूर रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी है.







