कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातला क्षेत्र में एक निर्माणाधीन गोदाम की छत गिर जाने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि दर्जनों अन्य लोगों के मलबे के अंदर दबे होने की आशंका है. मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए फायर ब्रिगेड एवं स्थानीय प्रशासन के के साथ सेना के जवान भी राहत एवं बचाव कार्य में लगे हुए हैं. मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर हुए हादसे के समय गोदाम के अंदर 50 से 60 लोग काम कर रहे थे, जब गोदाम की छत अचानक धराशाई हो गई और वहां मौजूद सारे लोग उसके नीचे दब गए. हादसे के तुरंत बाद राहत एवं बचाव कार्य आरंभ कर दिया गया, जिसमें समाचार लिखे जाने तक 13 लोगों को बचाया जा चुका था. (नीचे भी पढ़ें)

घटनास्थल पर पहुंचे बंगाल सरकार के मंत्री इंद्रनील खान ने बताया कि सरकार की प्राथमिकता अभी गोदाम की ध्वस्त छत के नीचे दबे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालना है. उन्होंने बताया कि कोलकाता पुलिस, डिजास्टर मैनेजमेंट टीम, फायर ब्रिगेड एवं सेना के जवान संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य चला रहे हैं. उन्होंने यह भी बताया कि उक्त गोदाम का निर्माण अवैध रूप से किया जा रहा था. उन्होंने बताया कि अभी भी दर्जनों लोगों के मलबे के अंदर दबे होने की आशंका है.







