जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के हलुदबनी गांव में बुधवार को आम तोड़ने के दौरान एक किशोर पेड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल किशोर की पहचान फुदान बास्के के 15 वर्षीय पुत्र साहिल बास्के के रूप में हुई है. हादसे के बाद वह करीब दो घंटे तक घटनास्थल पर ही पड़ा रहा, जिसके बाद परिजनों ने उसे खोजकर अस्पताल पहुंचाया. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार, साहिल साकची स्थित पीपुल्स एकेडमी, बाराद्वारी में कक्षा नौवीं का छात्र है. बुधवार दोपहर स्कूल से लौटने के बाद वह करीब 2 बजे हलुदबनी उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में आम तोड़ने के लिए अकेले गया था. इसी दौरान वह पेड़ से नीचे गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया. चूंकि मौके पर उसके साथ कोई नहीं था, इसलिए घटना की जानकारी किसी को नहीं मिल सकी. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान स्कूल परिसर में साहिल घायल अवस्था में जमीन पर पड़ा मिला. परिजनों के अनुसार, पेड़ से गिरने के कारण साहिल की छाती और कमर में गंभीर चोटें आई हैं. घायल होने के बाद उसने खून की उल्टी भी की. इसके बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है. घटना के बाद परिवार के सदस्य काफी चिंतित हैं और साहिल के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं.







