जमशेदपुर : जादूगोड़ा के तूरामडीह विस्थापित समिति का एक प्रतिनिधिमंडल भाजपा नेता सह आदिवासी सुरक्षा परिषद, जमशेदपुर के जिला अध्यक्ष राम सिंह मुंडा के नेतृत्व में गुरुवार को यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआइएल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) राकेश कुमार से जादूगोड़ा स्थित गेस्ट हाउस में मिला. प्रतिनिधिमंडल ने विस्थापितों एवं प्रभावित ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए 17 सूत्री मांगपत्र सौंपा और शीघ्र कार्रवाई की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)

मांगपत्र में ब्रेन मलेरिया प्रभावित गांवों में तत्काल मेडिकल कैंप लगाने, स्थानीय विस्थापित एवं प्रभावित परिवारों को रोजगार में प्राथमिकता देने, वर्षों से कार्यरत मजदूरों को कार्य से नहीं हटाने, लंबित विस्थापितों की बहाली शुरू करने, पुनर्वास, मार्केट कॉम्प्लेक्स में दुकानों के आवंटन, धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण, सड़क, बिजली, पेयजल, निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग, आदिवासी भाषा-संस्कृति के संरक्षण, हो समाज के महान व्यक्तित्व बोदरा जी की प्रतिमा स्थापना, ब्लास्टिंग से क्षतिग्रस्त मकानों का मुआवजा तथा मिल से निकलने वाले धूल प्रदूषण पर रोक लगाने सहित कई महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)
सीएमडी राकेश कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल मेडिकल टीम भेजी जाएगी. उन्होंने कहा कि कार्यरत मजदूरों को हटाने के मामले में अंतिम निर्णय होने तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जाएगी. साथ ही अन्य मांगों पर भी सकारात्मक एवं चरणबद्ध पहल करने का भरोसा दिया. प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से राम सिंह मुंडा, गणेश सरदार, रामराई सोरेन, प्रकाश सांडील, मंगल कराई, प्रिया कुंकल, बबलू करूआ, विवेक मंडा सहित तूरामडीह के विस्थापित परिवारों के सदस्य उपस्थित थे.







