जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुए कातिलाना हमला के मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस मामले में पुलिस ने तीन नाबालिग को गिरफ्तार किया है, जो इस कांड में शामिल है. दो लोगों को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार किया था, जिसको पुलिस ने रिमांड पर लिया है. इस कांड के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है, जिसके ऊपर दो लाख रुपये का ईनाम की घोषणा की गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन करते हुए जमशेदपुर के नये एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब ने बताया कि तीन नाबालिगों को पकड़ा गया है. वहीं, दो लोग सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया के धातकीडीह निवासी सोनू राम सरदार उर्फ सोनू मंडल और गांडीडोंगरी निवासी राज लोहार को गिरफ्तार पहले ही किया गया था. इन दोनों को रिमांड पर लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है. एसएसपी ने बताया कि इस मामले को लेकर एसआइटी का गठन किया गया है.
इस मामले में आरोपी के पास से हमला में इस्तेमाल में लाये गये कुल्हाड़ी को जब्त किया गया है. वहीं, मारपीट में घायल सोनू राम सरदार का इलाज टीएमएच में कराया गया है. इस अभियान में सीसीआर डीएसपी मनोज ठाकुर, बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार, जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी, एसआइ श्याम सुंदर कुमार, आकाश कुमार पांडेय और पल्लवी कुमारी शामिल थे.




