
जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर छोटा गम्हरिया स्थित निर्मल पथ के सामने मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, ट्रक (एमएच 12 एलटी -8538) ने बाइक (जेएच 05 डीएन -3281) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में 22 वर्षीय मोहम्मद निसार, पिता मोहम्मद यूनुस, निवासी अंसार नगर, डेमडुबी (कपाली ओपी क्षेत्र) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय मोहम्मद रेहान, निवासी गौसनगर (कपाली ओपी क्षेत्र) को बेहतर इलाज के लिए (टीएमएच) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया. (नीचे देखे पूरी खबर)
बताया जा रहा है कि दोनों युवक फॉल्स सीलिंग का काम कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी. घटना के बाद काफी देर तक एंबुलेंस और पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. लोगों ने निजी एंबुलेंस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया और विरोध में टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा. (नीचे देखे पूरी खबर)

सूचना मिलने पर गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटवाया. पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है. हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.





