नई दिल्ली : मधुमेह के रोगियों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है. प्रमुख डेनिश दवा निर्माता कंपनी नोवो नार्डिस्क ने मधुमेह के रोगियों के लिए इन्सुलिन की नई सुई जारी करने की घोषणा की है. ‘अविकली’ नाम से लांच हुई यह दवा टाइप 1 एवं टाइप 2 मधुमेह के मरीजों के लिए तैयार की गई है. कंपनी की ओर से जारी सूचना के अनुसार यह इन्सुलिन मधुमेह के मरीज को रोज नहीं, सप्ताह में सिर्फ एक बार लेनी होगी. इससे मधुमेह रोगियों को प्रतिदिन की जगह साल में मात्र 52 बार ही इन्सुलिन का इंजेक्शन लेना पड़ेगा. (नीचे भी पढ़ें)
इन्सुलिन की सुइयों की संख्या ही नहीं, मरीजों को इसकी कीमत में भी काफी राहत मिलने वाली है. दवा कंपनी नोवो नॉर्डिस्क के एमडी विक्रांत श्रोत्रिय ने बताया कि यह एक आधुनिक चिकित्सा पद्धति है और हम इस इंजेक्शन को लांच करने वाले विश्व के सातवें देश हैं. उन्होंने बताया कि यह इंजेक्शन दो पेन में उपलब्ध होगा, एक 700 यूनिट और दूसरी 2100 यूनिट, जिसकी प्रति यूनिट लागत 3.73 रुपये होगी. उन्होंने बताया कि मधुमेह के मरीजों के लिए आवश्यक इंजेक्शनों की संख्या में कमी आने से इन्सुलिन की आवश्यकता में आनेवाली बाधां बहुत कम हो जाएंगी. (नीचे भी पढ़ें)
श्री श्रोत्रिय ने बताया कि सामान्य उपचारों में मधुमेह के रोगियों को आम तौर पर इन्सुलिन का इंजेक्शन प्रतिदिन लेना पड़ता है, जिसके कारण लोग इंजेक्शन लेने से बचना चाहते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि उन्हें पूरे जीवन हर दिन इन्सुलिन का इंजेक्शन लेना होगा. लेकिन अविकली के साथ, यह बाधा कम हो जाएगी, जिससे मरीज के लिए अधिक सुविधाजनक होगा. एमडी श्री श्रोत्रिय ने बताया कि उनके अनुसार अविकली इन्सुलिन शुरू करने में आने वाली मनोवैज्ञानिक और शारीरिक बाधाओं को कम करेगा, और अंततः अधिक लोगों को बेहतर नियंत्रण और बेहतर जीवन गुणवत्ता प्राप्त करने में मददगार होगा. यह इंजेक्शन पूरे देश में 45,000 वितरकों के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा.






