जमशेदपुर : मरीन ड्राइव पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. तेज रफ्तार बलेनो कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे कार पलट गई. हादसे के समय कार में दो पुरुष और एक महिला सवार थे. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए पहुंच गए. (नीचे भी पढ़ें)
राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए पलटी कार में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई. सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और अन्य वाहन चालक भी घटनास्थल पर जुट गए. हादसे के कारण कुछ देर के लिए मरीन ड्राइव पर यातायात प्रभावित रहा. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह दुर्घटना घटी. घटना के बाद क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया.






