नई दिल्ली : भारतीय सेना के लिए ड्रोन सप्लाई करने के मामले में टाटा के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. टाटा कंपनी अब सेना को ड्रोन सप्लाई करने की बड़ी जिम्मेदारी निभाने जा रही है. लगभग ₹1,600 करोड़ के 100 किमी रेंज वाले 840 ‘लोइटरिंग म्यूनिशन’ खरीदने के टेंडर में भारतीय कंपनियां ‘टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स’ और ‘निबे लिमिटेड’ सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनियों के तौर पर सामने आई हैं. रक्षा सूत्रों के मुताबिक ‘टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स’ सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी (एल-1) बनी है और उसे भारतीय सेना की आर्टिलरी के लिए जरूरी 840 ‘लोइटरिंग म्यूनिशन’ में से 64 प्रतिशत की सप्लाई करने का काम मिलेगा. (नीचे भी पढ़ें)

टेंडर में दूसरी सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी (एल-2) ‘निबे डिफेंस’ है, जिसे सेना के लिए 36 प्रतिशत ड्रोन सप्लाई करने का काम मिलेगा. सेना खुद को अगली पीढ़ी की लड़ाई के लिए आधुनिक बना रही है. इस व्यवस्था से टाटा ग्रुप को लगभग ₹1,000 करोड़ के ऑर्डर मिलने की उम्मीद है, जबकि निबे लिमिटेड का हिस्सा लगभग ₹600 करोड़ का होगा. सूत्रों के मुताबिक भारतीय सेना ने कुछ दिन पहले ही ‘फास्ट-ट्रैक’ प्रक्रियाओं के तहत 100 किलोमीटर से ज्यादा रेंज वाले ‘लोइटरिंग म्यूनिशन’ के टेंडर के लिए प्राइस बिड (कीमत की बोलियां) खोली थीं. इस प्रोजेक्ट के तहत हुए टेक्निकल इवैल्युएशन (तकनीकी मूल्यांकन) में सिर्फ 3 वेंडर सफल रहे थे. ये 3 वेंडर थे- टीएएसएल, निबे लिमिटेड जो अपने ‘वायु अस्त्र-स्काई स्ट्राइकर ड्रोन पर आधारित-के साथ मैदान में थी और तीसरी थी ए-विजन आइ. अब भारतीय सेना कीमत पर बातचीत के लिए एल1 और एल2 को बुलाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
भारतीय सेना ने खास ड्रोन बैटरी और रेजिमेंट के साथ आर्टिलरी रेजिमेंट को पूरी तरह से आधुनिक बना लिया है. ‘दिव्यास्त्र’ बैटरी के साथ मिलकर ड्रोन से युद्ध करने के लिए ‘शक्तिमान’ रेजिमेंट बनाई गई हैं. दुश्मन के ठिकानों पर हमला करने के लिए ‘भैरव’ बटालियन को भी ड्रोन दिए गए हैं. अनुमान के मुताबिक, भारतीय सेना अलग-अलग कामों के लिए लगभग एक लाख ड्रोन खरीदने की योजना बना रही है.
आर्टिलरी डायरेक्टरेट के अगले 12-18 महीनों में तेज प्रक्रिया के तहत 50 किमी से 1,000 किमी की रेंज वाले ड्रोन शामिल करने की उम्मीद है. भारतीय सेना 36 जेट-आधारित ड्रोन के लिए टेंडर भी जारी कर रही है, जिनकी कीमत लगभग ₹1,500 करोड़ होगी और इन्हें एल1 और एल-2 के बीच बांटा जाएगा.





