बहरागोड़ा : राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर बेला चौक के समीप रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया. ओडिशा के जामशोला से बहरागोड़ा की ओर आ रही तेज रफ्तार कार आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से पीछे से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. (नीचे भी पढ़ें)

हादसे में कार चालक कटक (ओडिशा) निवासी लक्षण दत्त गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और बहरागोड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को कार से सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चालक की हालत स्थिर पाई गई, जिसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई. समय पर स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से चालक की जान बच गई. हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.





