जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित आनंद नगर विकास भवन के समीप शनिवार देर रात एक युवक पर धारदार तलवार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की शिकायत पर गोलमुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, नामदा बस्ती (नानक नगर) निवासी रोहित सिंह शनिवार रात करीब 11 बजे सिद्धाश्रम मंदिर के पास अपने दोस्तों के साथ बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान आनंद नगर लाइन नंबर-2 निवासी चंद्र प्रकाश सिंह वहां पहुंचा और कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगा. विरोध करने पर आरोपी ने तलवार से हमला कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
रोहित सिंह ने बताया कि आरोपी ने गर्दन और पेट पर वार करने की कोशिश की, लेकिन बचाव के लिए हाथ आगे करने पर उनके हाथ का पंजा गंभीर रूप से कट गया. हमले में उनके पेट पर भी गहरी चोट आई है. घटना के बाद घायल युवक गोलमुरी थाना पहुंचा और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.




