जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित पुलिस केंद्र में बुधवार को विषम परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों व हुड़दंगियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दंगा-रोधी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

यह मॉक ड्रिल वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक (नगर) और सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-प्रथम) की उपस्थिति में आयोजित हुआ. इस दौरान पुलिस बल ने दंगा-रोधी उपकरणों के साथ भीड़ नियंत्रण, दंगा निरोधक कार्रवाई, त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वित ऑपरेशन तथा आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने का अभ्यास किया. अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों को दंगा-रोधी उपकरणों एवं सुरक्षात्मक संसाधनों के सही उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया गया. साथ ही, बल की परिचालन क्षमता, समन्वय और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने की तैयारियों का आकलन भी किया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य किसी भी विषम परिस्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा पुलिस बल की कार्यकुशलता और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को और अधिक मजबूत करना था.







