जमशेदपुर : गोलमुरी स्थित इंकैब केबल कंपनी के सामने बुधवार को कर्मचारियों और पूर्व कर्मचारियों ने बकाया भुगतान को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने कंपनी द्वारा शुरू की गई भुगतान प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसमें पारदर्शिता लाने की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि कंपनी ने 7 जुलाई को करीब 600 लोगों के बैंक खातों में प्रतीकात्मक रूप से 1-1 रुपये भेजकर भुगतान प्रक्रिया शुरू होने की पुष्टि की थी. इसके बाद अब कर्मचारियों के खातों में बकाया राशि भेजी जा रही है, लेकिन भुगतान को लेकर कई तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं. (नीचे भी पढ़ें)

कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें उनके क्लेम अमाउंट के अनुरूप पूरी राशि नहीं मिल रही है. उनका कहना है कि अब तक केवल लगभग 5.9 प्रतिशत राशि ही उनके खातों में जमा की गई है. वहीं कई ऐसे कर्मचारी भी हैं, जिनके खातों में अभी तक कोई भुगतान नहीं पहुंचा है. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वर्षों से बकाया राशि मिलने का इंतजार था, लेकिन भुगतान शुरू होने के बावजूद स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से कर्मचारियों में असंतोष है, (नीचे भी पढ़ें)
प्रदर्शनकारियों ने कंपनी प्रबंधन से मांग की कि संबंधित अधिकारी सामने आकर भुगतान प्रक्रिया, क्लेम राशि की गणना और शेष भुगतान की समय-सीमा के बारे में स्पष्ट जानकारी दें. उनका कहना है कि जब तक सभी कर्मचारियों को पारदर्शी तरीके से भुगतान नहीं किया जाता और उनकी शंकाओं का समाधान नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा किये जाने की मांग की.







