जमशेदपुर : जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज में बुधवार को नए शैक्षणिक सत्र 2025-26 के एलएलबी प्रथम वर्ष के 120 नवागंतुक छात्रों के लिए एक भव्य स्वागत एवं ‘इंडक्शन प्रोग्राम’ का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में नए छात्रों को विधि के क्षेत्र में सुनहरे भविष्य और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य ने विषय प्रवेश करातेहुए कहा कि कानून सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि समाज को न्याय दिलाने का सबसे सशक्त माध्यम है. कॉलेज का लक्ष्य आपको सिर्फ डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि एक संवेदनशील और तार्किक न्यायविद बनाना है. आज से आप सभी कानून की उस यात्रा पर निकल रहे हैं जहां आपका हर एक तर्क समाज में बदलाव ला सकता है. (नीचे भी पढ़ें)
झारखंड बार काउंसिल के उपाध्यक्ष राकेश शुक्ल ने कहा कि विधि के छात्रों को समाज का सजग प्रहरी बनना होगा. वकालत का पेशा साहस, सत्य और अटूट निष्ठा की मांग करता है. को ऑपरेटिव कॉलेज के प्राचार्य डॉ कृष्णा प्यारे ने कहा कि शिक्षा और अनुशासन ही एक सफल जीवन की नींव हैं. को-ऑपरेटिव कॉलेज का एक गौरवशाली इतिहास रहा है. उन्होंने विश्वास जताया कि कानून के ये नए छात्र अपनी प्रतिभा और कड़े अभ्यास से इस संस्थान का नाम राष्ट्रीय पटल पर रौशन करेंगे.







