जमशेदपुर : जमशेदपुर के उपायुक्त राजीव रंजन के नाम एवं फोटो का दुरुपयोग कर किसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर फर्जी आइडी बनाई है. उक्त फर्जी आइडी के माध्यम से लोगों को फ्रैंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है तथा विभिन्न प्रकार के संदेश भी प्रेषित किए जा रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपायुक्त द्वारा व्यक्तिगत फेसबुक आइडी के माध्यम से किसी भी नागरिक को फ्रैंड रिक्वेस्ट, आर्थिक सहायता, धनराशि, व्यक्तिगत जानकारी अथवा किसी अन्य प्रकार का अनुरोध नहीं किया जाता है. अतः ऐसे किसी भी संदेश, कॉल या अनुरोध पर विश्वास न करते हुए अपनी व्यक्तिगत अथवा बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने का आग्रह किया गया है. इसमें किसी व्यक्ति को ऐसी फर्जी आइडी से फ्रैंड रिक्वेस्ट या संदेश प्राप्त होने की स्थिति में उसे तत्काल अनदेखा करने, संबंधित प्रोफाइल की रिपोर्ट करने तथा साइबर अपराध की आशंका होने पर इसकी सूचना निकटतम थाना अथवा साइबर थाना को देने की सलाह दी गई है. वैसे जिला प्रशासन ने भी इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.







