चाकुलिया : रथ यात्रा के अवसर पर गुरूवार की शाम नगर पंचायत क्षेत्र के जुगीपाड़ा से राधेश्याम जीऊ रथ, नामोपाड़ा से गोपाल जीऊ रथ और प्रखंड की चालुनिया पंचायत के जोड़ाम गांव स्थित तुलसीबनी शिवराम आश्रम से रथ यात्रा धूमधाम से निकाली गई. प्रभु जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर चाकुलिया के नया बाजार स्थित मौसीबाड़ी पहुंचे. शाम में भारी बारिश पर भी लोगों की आस्था भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने और रथ को खिंचने से नहीं रोक पाई. महिला और पुरुष श्रद्धा पूर्वक रथ यात्रा में शामिल हुए और भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर उनकी पूजा की और क्षेत्र के लोगों के लिए सुख शांति और समृद्धि की कामना की. रथ यात्रा के साथ थाना प्रभारी राजेश कुमार दल बल के साथ चल रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)

भगवान के रथ को जगह जगह पर रोककर महिला और पुरूषों ने पूजा अर्चना की. क्षेत्र के विधायक समीर मोहंती भी रथ यात्रा में शामिल हुए. उन्होंने प्रभु जगन्नाथ की पूजा कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की. प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, नपं उपाध्यक्ष राजकुमार मिश्रा, राजेश नामता, पतित पावन दास, दिलीप पति, अशोक पति, सुखदेव पति, रोहित पति, फटिक प्रमाणिक समेत अन्य लोग भी रथ यात्रा के समय उपस्थित रहे.







