जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल के पोटका प्रखंड स्थित सिदिरसाई रेलवे स्टेशन के नए भवन निर्माण का भूमि पूजन शनिवार को जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और डीआरएम तरुण हुरिया ने संयुक्त रूप से किया. डीआरएम तरुण हुरिया ने बताया कि करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्टेशन भवन बनाया जाएगा. बारिश के बाद सितंबर से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है और इसे एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि स्टेशन का विस्तार कर पांच रेल लाइनें विकसित की जाएंगी. (नीचे भी पढ़ें)

साथ ही टिकट बुकिंग काउंटर, बेहतर यात्री सुविधाएं और स्टेशन को मुख्य सड़क से जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी. इससे क्षेत्र के 50 से अधिक गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा. भूमि पूजन के बाद सांसद और डीआरएम ने टाटानगर रेलवे स्टेशन तथा परसुडीह के मकदमपुर रेलवे फाटक का भी निरीक्षण किया. सांसद ने बताया कि टाटानगर-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने को लेकर रेलवे मंत्रालय स्तर पर सकारात्मक पहल जारी है.















