जमशेदपुर: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित उरांव बस्ती में एक युवक से सोने की चेन छीनने और विरोध करने पर उस पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. घटना में घायल अभिषेक चौधरी की शिकायत पर पुलिस ने सीतारामडेरा निवासी बादल मिंज और एक अज्ञात युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे गणेश मंदिर के पास हुई. अभिषेक चौधरी ने पुलिस को बताया कि वह किसी काम से उरांव बस्ती गए थे. इसी दौरान दो युवकों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली. जब उन्होंने विरोध किया तो दोनों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. अभिषेक ने पुलिस को बताया कि वह आरोपियों में से एक की पहचान बादल मिंज के रूप में करते हैं, जबकि दूसरे युवक को वह नहीं पहचान सके. पुलिस बादल मिंज की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद दूसरे आरोपी की भी पहचान की जाएगी. वहीं, सीतारामडेरा थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.




