जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका, डुमरिया, घाटशिला एवं चाकुलिया के ग्रामीण क्षेत्रों में मलेरिया के बढ़ते प्रकोप को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने गंभीर चिंता व्यक्त की है. कई गांवों में एक साथ बड़ी संख्या में लोग बीमार हैं, जिसके कारण अनेक परिवारों के घरों में चूल्हे तक नहीं जल पा रहे हैं. एक ओर बीमारी की मार है तो दूसरी ओर समय पर समुचित चिकित्सा नहीं मिलने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है. इन परिस्थितियों को देखते हुए जदयू पूर्वी सिंहभूम के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने मलेरिया प्रभावित मरीजों को त्वरित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छह सदस्यीय समिति का गठन किया है. यह समिति सीधे मरीजों से संपर्क कर उनकी समस्याओं की जानकारी लेगी तथा सदर अस्पताल एवं संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों में उचित इलाज सुनिश्चित कराने के लिए सिविल सर्जन एवं स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित करेगी. (नीचे भी पढ़ें)
गठित समिति में जदयू के जिला महासचिव वीर सिंह देवगन, जिला उपाध्यक्ष मनोरंजन महतो, डुमरिया प्रखंड अध्यक्ष बृहस्पति कर्मकार, पोटका प्रखंड अध्यक्ष यशराज, अमित पातर एवं बीरबल सरदार को शामिल किया गया है. जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि जदयू जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहती है. मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों के प्रत्येक जरूरतमंद मरीज तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाना समिति की प्राथमिकता होगी. यदि किसी स्तर पर इलाज में लापरवाही या दवा की कमी की शिकायत मिलती है तो समिति तत्काल संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर समस्या के समाधान का प्रयास करेगी.







