जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शेषनगर में सोमवार को एक सड़क दुर्घटना में टीएम ऑटोमोटिव सीटिंग प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल की पहचान दयाल सिटी निवासी मृत्युंजय सिंह के रूप में हुई है. दुर्घटना में उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया है. घटना के बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृत्युंजय सिंह साइकिल से अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे. इसी दौरान शेषनगर के एक मोड़ पर तेज रफ्तार कार अचानक सामने आ गई और साइकिल को टक्कर मार दी. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार चला रहा व्यक्ति ड्राइविंग सीख रहा था और उसने न तो हॉर्न बजाया और न ही समय पर वाहन को नियंत्रित कर पाया. सामने साइकिल सवार को देखने के बावजूद ब्रेक नहीं लगाने के कारण यह हादसा हुआ. दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. घटना की सूचना गोविंदपुर थाना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.















