रांची : झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र छह अगस्त से 12 अगस्त तक चलेगा. इस संबंध में तैयार प्रस्ताव को राज्य कैबिनेट की मंजूरी मिल गयी है. कुल सात दिनों के इस मॉनसून सत्र में शनिवार और रविवार के अवकाश के कारण कार्य दिवस के लिए केवल पांच ही दिन उपलब्ध होंगे. इन्हीं पांच दिनों में राज्य के विकास सहित जनता से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर सवाल-जवाब किये जायेंगे. सत्र के दौरान राज्य सरकार द्वारा चालू वित्तीय वर्ष (2026-27) का पहला अनुपूरक बजट सात अगस्त को सदन के पटल पर पेश किया जायेगा. (नीचे भी पढ़ें)
इसके तहत 6 अगस्त को शपथ ग्रहण, अध्यादेश (यदि हो तो) और शोक प्रस्ताव आयेगा. वहीं, 7 अगस्त को प्रश्नकाल एवं वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट पेश किया जायेगा. 8 व 9 अगस्त को शनिवार एवं रविवार का अवकाश रहेगा जबकि 10 अगस्त को प्रश्नकाल, प्रथम अनुपूरक बजट पर चर्चा और मतदान कराया जायेगा. 11 अगस्त को प्रश्नकाल, राजकीय विधेयक एवं अन्य राजकीय कार्य होगा जबकि 12 अगस्त को प्रश्नकाल, राजकीय विधेयक, अन्य राजकीय कार्य और गैर-सरकारी संकल्प होगा.




