जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल की इमरजेंसी सेवा को मंगलवार को बड़ी राहत मिली. अस्पताल प्रबंधन ने हाल ही में खरीदे गए 18 नए आधुनिक स्ट्रेचरों में से 8 स्ट्रेचर इमरजेंसी विभाग को उपलब्ध करा दिए हैं. वहीं, शेष 10 स्ट्रेचरों में से 2 इमरजेंसी आईसीयू और 8 अन्य आईसीयू वार्डों को आवंटित किए गए हैं. नए स्ट्रेचर मिलने से इमरजेंसी में मरीजों के इलाज की व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है. अब तक बेड और स्ट्रेचर की कमी के कारण कई मरीजों का इलाज स्ट्रेचर पर ही करना पड़ता था, जबकि कई बार मरीजों को बेंच या फर्श पर लेटकर उपचार कराने की मजबूरी भी झेलनी पड़ती थी. (नीचे भी पढ़ें)
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि नए स्ट्रेचर उपलब्ध होने से मरीजों को राहत मिलेगी और इमरजेंसी सेवाओं का संचालन पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और सुचारु ढंग से किया जा सकेगा. गौरतलब है कि आधुनिक मॉडल के इन स्ट्रेचरों की मांग लंबे समय से की जा रही थी. विभिन्न विभागों द्वारा आवश्यकता को देखते हुए पहले ही इसकी मांग भेजी गई थी, जिसके बाद अस्पताल ने 18 नए स्ट्रेचर खरीदे हैं.




