जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी है. मंगलवार को जिले में 12,452 लोगों की मलेरिया जांच की गई, जिसमें 72 नए संक्रमित मरीज मिले. इनमें 54 प्लास्मोडियम फाल्सीपेरम (पीएफ), 16 प्लास्मोडियम विवैक्स (पीवी) और 2 मिक्स संक्रमण के मामले शामिल हैं. स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 29 जून से 21 जुलाई तक चले विशेष अभियान के दौरान कुल 2,15,307 लोगों की जांच की गई, जिनमें 2,708 लोग मलेरिया पॉजिटिव पाए गए. इस अवधि में 4 मरीजों की मौत दर्ज की गई, जबकि जिले की कुल पॉजिटिविटी दर 1.26 प्रतिशत रही. मंगलवार को सबसे अधिक 22 नए मरीज पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र में मिले. इसके अलावा डुमरिया और मुसाबनी में 14-14, घाटशिला में 7, धालभूमगढ़ और सदर अस्पताल में 6-6 तथा पटमदा में 2 मरीज मिले। बहरागोड़ा, चाकुलिया, जुगसलाई, शहरी मानगो और बिरसानगर क्षेत्रों में कोई नया संक्रमित नहीं मिला. जांच के दौरान 12,054 लोगों का रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट (आरडीटी) और 398 लोगों की स्लाइड जांच की गई. वहीं मलेरिया नियंत्रण अभियान के तहत 7 गांवों में फॉगिंग और 3 गांवों में इंडोर रेजिडुअल स्प्रे (आईआरएस) कराया गया. (नीचे भी पढ़ें)
स्वास्थ्य विभाग की टीमें 29 जून से गांव-गांव जाकर आरडीटी और स्लाइड जांच के माध्यम से लोगों की स्क्रीनिंग कर रही हैं. विभाग का कहना है कि लगातार जांच, समय पर दवा वितरण, फॉगिंग और जागरूकता अभियान के कारण शुरुआती दिनों की तुलना में संक्रमण के मामलों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. हालांकि पोटका, डुमरिया और मुसाबनी क्षेत्र अब भी मलेरिया के लिहाज से सबसे संवेदनशील बने हुए हैं और इन इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.




