जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पिछले करीब आठ दिनों से होमगार्ड जवानों का कोई प्रभारी नहीं होने के कारण व्यवस्था केवल शिफ्ट प्रभारियों के भरोसे चल रही थी. इस दौरान कई तरह की समस्याएं सामने आने के बाद कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार के निर्देश पर मंगलवार को कृष्णा सिंह को नया होमगार्ड प्रभारी नियुक्त किया गया. कृष्णा सिंह अब अस्पताल की चारों शिफ्टों की सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जिम्मेदारियों की निगरानी करेंगे। इससे पहले वह जेनरल शिफ्ट के प्रभारी थे. वहीं, जेनरल शिफ्ट की जिम्मेदारी अब अखिलेश ओझा संभालेंगे. बताया जाता है कि पिछले महीने अस्पताल परिसर में पार्किंग विवाद के बाद तत्कालीन प्रभारी दिग्विजय पांडेय और पूर्व प्रभारी योगेंद्र शर्मा को हटाकर कॉलेज में पदस्थापित कर दिया गया था. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद से कोई भी जवान होमगार्ड प्रभारी का दायित्व संभालने के लिए आगे नहीं आया, जिससे व्यवस्था प्रभावित हो रही थी. हाल ही में एक महिला होमगार्ड का रोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने मामले की जांच कराई. जांच में सामने आया कि अस्पताल में होमगार्ड का कोई प्रभारी नियुक्त नहीं था, जिसके कारण छोटी-छोटी समस्याएं भी समय पर नहीं सुलझ पा रही थीं और मामला मीडिया तक पहुंच गया. भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसे देखते हुए प्राचार्य ने तत्काल नए प्रभारी की नियुक्ति के निर्देश दिए, जिसके बाद कृष्णा सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी गई.




