जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल परिसर में अगले महीने प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र शुरू होने की संभावना है. केंद्र शुरू होने के बाद अस्पताल आने वाले मरीजों को बाजार की तुलना में काफी कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध होंगी. इससे विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी. एमजीएम अस्पताल को साकची से डिमना स्थित नए भवन में स्थानांतरित हुए एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक अस्पताल परिसर में जन औषधि केंद्र की शुरुआत नहीं हो सकी है. हालांकि, पिछले छह महीनों से इसे शुरू करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे थे. जानकारी के अनुसार, केंद्र के संचालन से जुड़ी लगभग सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं. (नीचे भी पढ़ें)
टेंडर प्रक्रिया संपन्न होने के साथ ही केंद्र के संचालक का भी चयन कर लिया गया है. अब केवल जिला प्रशासन से अंतिम स्वीकृति मिलनी बाकी है. उपायुक्त की अनुमति मिलते ही अस्पताल परिसर में जन औषधि केंद्र का संचालन शुरू कर दिया जाएगा. केंद्र शुरू होने के बाद मरीजों को आवश्यक दवाइयां बाजार मूल्य की तुलना में काफी कम कीमत पर उपलब्ध होंगी. इससे अस्पताल में इलाज कराने आने वाले गरीब और जरूरतमंद मरीजों का आर्थिक बोझ कम होगा तथा उन्हें सस्ती, गुणवत्तापूर्ण और आसानी से उपलब्ध दवाइयों का लाभ मिल सकेगा.




