आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े एक महिला (बबीता सिंह) के गले से सोने की चेन छीनने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. जानकारी के अनुसार महिला दूध लेकर अपने घर लौट रही थी, तभी बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उसका पीछा किया और मौका पाकर गले से चेन झपट ली. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें दोनों बदमाश स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं. दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.




