आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित बोलायडीह शीतला मंदिर के समीप शनिवार को हुई जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा की नृशंस हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआइटी) ने मामले के अंतिम फरार आरोपी शिबू गोप को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इससे पहले एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के चार अन्य आरोपियों प्रेम नायक, शिवम प्रामाणिक, संजय नायक और गणेश नायक को गिरफ्तार कर रविवार को ही न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. अंतिम आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही इस हत्याकांड के सभी नामजद अभियुक्त अब पुलिस की गिरफ्त में हैं. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर एसडीपीओ शुभम भारद्वाज के नेतृत्व में गठित एसआइटी लगातार मामले की जांच कर रही है. शिबू गोप की गिरफ्तारी भी इसी विशेष अभियान का हिस्सा है. एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश हत्या का मुख्य कारण सामने आया है. उन्होंने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. एसपी मनोज स्वर्गियारी ने स्पष्ट कहा, “अपराधी किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे. दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे हर हाल में गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. ” फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा किया जा सके.















