जमशेदपुर : झारखण्ड सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के अंतर्गत राज्य जीव-जंतु कल्याण बोर्ड द्वारा “पशुओं के प्रति क्रूरता की रोकथाम और पशु जन्म नियंत्रण” विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 21, 22 एवं 23 जुलाई को रांची के हेसेग स्थित पशुपालन निदेशालय किया गया. इस प्रशिक्षण में पशुओं के प्रति क्रूरता रोकने, आवारा पशुओं की जन्म दर नियंत्रण, माइक्रोचिपिंग, लाइसेंसिंग एवं पशु स्वामित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. जमशेदपुर से जन सेवा संघ ट्रस्ट के प्रतिनिधि मंडल ने इस प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी की. (नीचे भी पढ़ें)
ट्रस्ट की ओर से सूरज कुमार, प्रशांत सिन्हा एवं विशाल कुमार उपस्थित हुए. प्रशिक्षण के समापन पर राज्य जीव-जंतु कल्याण बोर्ड द्वारा जन सेवा संघ ट्रस्ट, जमशेदपुर को उनके पशु कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. जन सेवा संघ ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि “राज्य सरकार द्वारा हमें इस प्रशिक्षण में शामिल कर सम्मानित किया गया, इसके लिए हम राज्य जीव-जंतु कल्याण बोर्ड के आभारी हैं। हम आगे भी पशु कल्याण के क्षेत्र में सरकार के साथ मिलकर कार्य करते रहेंगे.” जन सेवा संघ ट्रस्ट, जमशेदपुर पिछले कई वर्षों से घायल एवं आवारा पशुओं के इलाज, बचाव एवं जागरूकता के क्षेत्र में लगातार कार्यरत है.







