जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के गरमनाला रोड के पास देर रात सड़क किनारे बिना किसी चेतावनी संकेत के खड़ी एक बस से टेम्पो की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में टेम्पो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. बताया जा रहा है कि अंधेरा होने के कारण चालक को सड़क किनारे खड़ी बस दिखाई नहीं दी, क्योंकि बस का ब्लिंकर, पार्किंग लाइट या कोई अन्य चेतावनी संकेत चालू नहीं था. तेज रफ्तार टेम्पो सीधे बस के पिछले हिस्से से जा टकराया. (नीचे भी पढ़ें)
हादसे में चालक के पैर में फ्रैक्चर होने की आशंका है, जबकि उसके सिर में भी गंभीर चोट आई है. घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य करते हुए घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है. सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस चालक को पूछताछ के लिए थाना ले गई. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस मामले की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बस को बिना सुरक्षा संकेतों के सड़क पर क्यों खड़ा किया गया था. पुलिस ने बताया कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.




