बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत बेनाशोली स्थित काजू जंगल में आधा दर्जन से अधिक जंगली हाथियों के पहुंचने से मानुषमुड़िया और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है. शाम होते ही भोजन और पानी की तलाश में हाथियों का झुंड मटिहाना-चाकुलिया मुख्य मार्ग पर आ जाता है, जिससे राहगीरों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है. हाथियों की मौजूदगी से स्थानीय किसानों की चिंता भी बढ़ गई है. ग्रामीणों को आशंका है कि हाथियों का झुंड धान की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा सकता है. इसके चलते लोग शाम ढलने के बाद घरों से निकलने में भी एहतियात बरत रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों की निगरानी कर रही है. टीम उन्हें सुरक्षित तरीके से वापस घने जंगलों की ओर भेजने का प्रयास कर रही है ताकि किसी तरह की जनहानि या फसल नुकसान से बचा जा सके. वन विभाग ने लोगों से रात के समय सतर्क रहने, हाथियों के पास न जाने और उन्हें किसी भी तरह से उकसाने से बचने की अपील की है. वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से हाथियों की इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से राहत मिल सके.




