जादूगोड़ा : सुंदरनगर थाना अंतर्गत हितकू स्थित डिवाइन मिशन स्कूल में रविवार को प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित हुआ. इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों, बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया. इस दौरान उनके माता-पिता को भी सम्मानित करने की नई परम्परा की शुरुआत की गई. इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ. इस मौके पर विद्यालय प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में समारोह के मुख्य अतिथि, अखिल भारतीय साहित्य परिषद् के महामंत्री डॉ विजय प्रकाश ने कहा कि हमारे राज्य में प्रतिभा की कमी नहीं है, उनको मौका देने की जरूरत है. प्रतिभा सम्मान समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को उजागर करना एवं राष्ट्र की मुख्य धारा में लाने का प्रयास करना है. (नीचे भी पढ़ें)
समारोह को विशिष्ट तिथि डॉ किशोर ओझा ने भी सम्बोधित किया व बच्चों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और कड़ी मेहनत की शुभकामनाएं दी. इस समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य विवेक विशाल ने कहा कि प्रतिभा तभी सार्थक होती है जब उसके साथ अनुशासन, परिश्रम और अच्छे संस्कार जुड़े हों. बच्चों ने अपनी लगन मेहनत और अनुशासन से विद्यालय, अपने माता-पिता और समाज को गौरवान्वित किया है.




