जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह स्थित कैनाल में रविवार सुबह करीब 35 वर्षीया एक अज्ञात महिला का नग्न शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सुबह ग्रामीणों ने शव को कैनाल में तैरते देखा, जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई. सूचना पाकर पहुंची परसुडीह पुलिस ने शव को कैनाल से बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. समाचार लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)

स्थानीय लोगों के अनुसार महिला का शव नग्न अवस्था में पानी में तैर रहा था और उसके हाथों में मेहंदी लगी हुई है. इसे लेकर ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है. लोगों का कहना है कि महिला की हत्या कर शव को कैनाल में फेंका गया हो सकता है. कुछ लोगों ने महिला के साथ किसी अप्रिय घटना की भी आशंका व्यक्त की है. उनका कहना है कि कोई महिला नग्न अवस्था में कैनाल में स्नान करने नहीं जाएगी, इसलिए मामले की गहन जांच होनी चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है. परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि महिला कहीं बाहर से कैनाल में बहकर आई हो सकती है. उन्होंने यह भी कहा कि नहाने के दौरान डूबने से मौत होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता. पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान कराने का प्रयास जारी है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.




