जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा है कि मानगो नगर निगम में ठेकेदारों के भुगतान में कमीशनखोरी का धंधा चल रहा है. मेयर और उनके चहेते वार्ड पार्षद नजदीकी रिश्तेदारों को भी नहीं छोड़ रहे हैं तो दूसरों की क्या बिसात. यह योजना भी नगर निगम चुनाव के पहले क्रियान्वित हुई है. भुगतान में इन्हें कमीशन चाहिए. उन्होंने नगर विकास मंत्री से कारवाई करने की अपील की है. (नीचे भी पढ़ें)
श्री राय ने बताया कि कन्हाई कुमार सिंह नामक एक सज्जन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली है. उस पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह किसी नेता या जनप्रतिनिधि के बारे में कुछ बोलेंगे, लेकिन आज जब बात उनके ऊपर आ गई तो उन्हें बेहद खराब लगा. पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि लाल रंग के घेरे में जो नौजवान दिख रहा है, वह उनका अपना भांजा है. वह पार्षद है. उन्हें उनके वार्ड में एक नाली का काम मिला था. उस काम को जेई के कहे अनुसार उन्होंने फरवरी में ही पूरा कर दिया था. आज तक उन्हें उसका भुगतान नहीं हुआ. क्यों नहीं हुआ, इसका कोई जवाब नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
पोस्ट में कन्हाई कुमार सिंह ने लिखा है कि उनका बिल बन चुका है. उस पर एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के भी हस्ताक्षर हो गए हैं. क्वालिटी पेपर भी लग चुका है, ऑडिट भी हो गया है, लेकिन इसके बावजूद बिल का भुगतान नहीं मिला. पार्षद साहब को 2 प्रतिशत चाहिए और मेयर मैडम को अलग से चाहिए. उन्होंने लिखाः मैं हाथ जोड़कर आप दोनों से निवेदन करता हूं कि एक बार मेरे घर आइए और मेरे घर के हालात देख लीजिए. उसके बाद बोलिएगा. मैं सभी को कमीशन दूंगा. अगर मुझे जल्द से जल्द भुगतान नहीं मिला तो मैं आत्मदाह करूंगा, वह भी निगम के सामने. इसके लिए पार्षद और मेयर मैडम जिम्मेदार होंगे.




