जमशेदपुर : टाटा स्टील रैकेट्स स्पोर्ट्स फेस्ट 2026 का दूसरा संस्करण जमशेदपुर के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भव्य समापन समारोह और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के साथ संपन्न हुआ. टाटा स्टील स्पोर्ट्स द्वारा आयोजित इस चार दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य रैकेट स्पोर्ट्स के माध्यम से फिटनेस, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना था. प्रतियोगिता में बैडमिंटन, लॉन टेनिस, स्क्वॉश और पिकलबॉल जैसे खेलों में मुकाबले आयोजित किए गए. इस कार्यक्रम में विभिन्न श्रेणियों में कुल 365 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इसमें बैडमिंटन में 206 खिलाड़ी, लॉन टेनिस में 72 खिलाड़ी, स्क्वॉश में 13 खिलाड़ी और पिकलबॉल में 74 खिलाड़ी शामिल है. ओडिशा के राउरकेला और मेरामंडली, बिहार के पटना तथा झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद, गिरिडीह, चाईबासा, सरायकेला और बोकारो स्टील सिटी सहित विभिन्न स्थानों के खिलाड़ियों ने इसमें भाग लिया. (नीचे भी पढ़ें)
आइआइटी धनबाद के विद्यार्थियों की भागीदारी ने इस आयोजन को वास्तव में एक क्षेत्रीय स्वरूप प्रदान किया. समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही. टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट कारपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदर रामम, चीफ स्पोटर्स मुकुल विनायक चौधरी, हेड स्पोटर्स व ट्रेनिंग सेंटर कैप्टन मनीष सिन्हा शामिल है. गणमान्य अतिथियों ने सभी श्रेणियों के विजेताओं को सम्मानित किया और प्रतिभागियों के खेल भावना एवं उत्साह की सराहना की. इस अवसर पर डी.बी. सुंदरा रामम ने टाटा स्टील के परिचालन क्षेत्रों और व्यापक समुदाय में खेल एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की कंपनी की निरंतर प्रतिबद्धता पर जोर दिया. रैकेट्स स्पोर्ट्स फेस्ट के दूसरे संस्करण ने खेल प्रतिभाओं को निखारने और कर्मचारियों एवं समुदाय को खेल के माध्यम से एक मंच पर जोड़ने में टाटा स्टील की भूमिका को और सशक्त रूप से प्रदर्शित किया.







