आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास बुधवार को कार में मामूली टक्कर के बाद युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. पीड़ित परसुडीह सोपोडेरा निवासी साहिल नाग ने बिना नंबर प्लेट की थार और स्कॉर्पियो से पहुंचे लोगों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है. मामले को लेकर उन्होंने आदित्यपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के अनुसार, साहिल नाग परसुडीह से काम के सिलसिले में आदित्यपुर पहुंचे थे. पेट्रोल पंप के पास अपनी स्विफ्ट डिजायर कार पार्क करने के दौरान पीछे से आ रही बिना नंबर की थार ने उनकी कार में टक्कर मार दी. (नीचे भी पढ़ें)

साहिल ने जब इसका विरोध किया तो थार सवार युवक ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया. आरोप है कि इसके बाद युवकों ने बेसबॉल बैट और डंडों से साहिल पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए. साहिल ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि शुरुआती स्तर पर मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया जा रहा था. उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़ित के अनुसार, पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है.




