पटमदा: कमलपुर थाना क्षेत्र के काटिन चौक पर शनिवार देर शाम हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल संजय सिंह और मंटू महतो का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है. दुर्घटना के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर किया गया था. घायल काशीडीह धातकीडीह टोला के मंटू महतो को परिजनों ने टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच), जमशेदपुर में भर्ती कराया, जबकि आर्थिक तंगी के कारण नहचीबेड़ा निवासी संजय सिंह को रिम्स ले जाया गया. रविवार को रिम्स में मौजूद संजय सिंह की मां प्रमिला सिंह और उनके रिश्तेदार संजय सिंह ने भाजपा नेता संदीप कुमार मिश्रा से शिकायत कर आरोप लगाया कि अस्पताल पहुंचने के 12 घंटे बाद भी न तो मरीज को भर्ती किया गया और न ही उसका इलाज शुरू किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
शिकायत मिलने के बाद भाजपा नेता संदीप कुमार मिश्रा ने केंद्रीय मंत्री संजय सेठ के निजी सचिव संजय पोद्दार से संपर्क कर घायल मरीज को जल्द भर्ती कर समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की. संदीप कुमार मिश्रा ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि गंभीर रूप से घायल मरीज को राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में समय पर इलाज नहीं मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है. हालांकि, इस मामले में रिम्स प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.




