जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो पुल पर मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में टाटा स्टील का एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा उस समय हुआ, जब कर्मचारी ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. जानकारी के अनुसार, एक स्प्लेंडर बाइक पर तीन युवक सवार थे. इसी दौरान उनकी बाइक ने टाटा स्टील के कर्मचारी की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कर्मचारी सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई. हादसे के बाद स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीनों युवक मौके से फरार हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को संभाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार जारी है. पुलिस फरार युवकों की पहचान और तलाश में जुट गई है.




