
जमशेदपुर : टाटा स्टील की सहयोगी कंपनी जुस्को की अधीकृत यूनियन जुस्को श्रमिक यूनियन के चुनाव को लेकर गहमागहमी शुरू हो गई है. बुधवार से इसकी चुनावी प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया, जिसके तहत बुधवार को जुस्को श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन फॉर्म की बिक्री की गयी. 800 रुपये में सबको फार्म दिया गया. इस दौरान हालांकि अध्यक्ष पद के लिए रघुनाथ पांडेय के नामांकन का भी विरोध किया गया. वर्तमान रघुनाथ खेमा के विरोधी कोरोना को लेकर चुनाव टालने में जुटा हुआ है, तो दूसरी तरफ रघुनाथ पांडेय गुट को बाहरी बताकर यूनियन में जबरन घुसपैठ कर यूनियन का माहौल बिगाड़ने का आरोप लगा रहा है. वहीं विपक्षी खेमा चुनाव कराने पर अड़ा हुआ है. विपक्ष का कहना है कि रघुनाथ पांडेय टाटा स्टील से 2015 में ही रिटायर हो चुके हैं, बावजूद इसके यूनियन में बने हुए हैं, जो गैरकानूनी है.
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान कमेटी की ओर से एजीएम बुलाई जाती है, लेकिन उसमें रघुनाथ पांडेय गुट हावी हो जाता है और मनमर्जी करता है. कुल मिलाकर जुस्को यूनियन चुनाव को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है. आपको बता दें जब से जुस्को अस्तित्व में आई है, एक बार वीडी गोपाल अध्यक्ष बने थे तो वीडी गोपाल कृष्णा ने ही रघुनाथ पांडेय को अध्यक्ष पद पर आसीन कराया था. फिलहाल, अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को दो लोगों ने नामांकन फॉर्म लिया, जिसमें वेस्ट वाटर मैनेजमेंट विभाग से उदय नारायण और आरपीएच विभाग से संतोष कुमार झा ने नामांकन फॉर्म खरीदा है. 24 मार्च तक जो चुनावी प्रक्रिया हुई थी, उसमें रघुनाथ पांडेय ने पहले ही नामांकन फार्म ले लिया था, जिस कारण उनका नामांकन को सही मानते हुए आगे की प्रक्रिया अपनायी जा रही है. वैसे डीके सिंह उर्फ मास्टर साहब ने भी नामांकन फॉर्म भरा था, लेकिन कोरोना काल के बीच में ही उनकी मौत हो गयी, जिस कारण फिर से नामांकन फार्म दिया जा रहा है और नामांकन फार्म को भराया जा रहा है. वैसे रघुनाथ पांडेय ने बुधवार को भी अपना एक और नामांकन पर्चा खरीदा. हालांकि, वे पहले भी नाामंकन फार्म खरीद चुके थे. (नीचे पढ़े पूूरा चुनावी कार्यक्रम)
क्या है चुनावी कार्यक्रम यह जानें एक नजर में :
अध्यक्ष पद के लिए नामांकन फार्म लेने की तिथि-28 अक्तूबर को सुबह 9 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक जुस्को श्रमिक यूनियन का कार्यालय
अध्यक्ष पद के लिए नामांकन फार्म जमा करने की तिथि-29 अक्तूबर गुरुवार को सुबह नौ बजे से शाम 4 बजे तक जुस्को श्रमिक यूनियन ऑफिस में
अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन की तिथि-29 अक्तूबर को शाम 6 बजे तक, जुस्को यूनियन कार्यालय
अध्यक्ष पद के लिए चुनाव से नाम वापस लेने की तिथि-30 अक्तूबर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक जुस्को यूनियन कार्यालय में
अध्यक्ष पद के नाम वापस लेने के बाद प्रस्तावित उम्मीदवारों की अंतिम सूची-30 अक्तूबर को शाम 6 बजे तक जुस्को यूनियन कार्यालय
पदाधिकारियों के चुनाव की तिथि-3 नवंबर, सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक, विभिन्न विबागों के मतदान स्थलों पर
कमेटी मेंबरों के चुनाव की तिथि-4 नवंबर, सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक, विभिन्न विभागों में
वोटों की गिनती-4 नवंबर को शाम 5 बजे के बाद से लेकर रिजल्ट तक



