चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के हुमिद स्थित गिरीधारी होटल के समीप शुक्रवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. सुबह स्थानीय लोगों ने होटल के पास शव पड़े होने की सूचना चांडिल थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया. आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सके. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि व्यक्ति की मौत स्वाभाविक है, दुर्घटना का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है.चांडिल थाना पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. साथ ही मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों से भी संपर्क किया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.




