पटना: पटना सिटी के अगमकुआं थाना अंतर्गत बड़ी और छोटी पहाड़ी चौराहा के पास तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक की मौत के बाद इलाके में जमकर बवाल हो गया. हादसे से आक्रोशित लोगों ने एनएच को जाम कर हंगामा किया. स्थिति तब और बिगड़ गई जब गुस्साए लोगों ने एक खाली बस के साथ कई वाहनों में आग लगा दी और तोड़फोड़ की. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया.इस संबंध में बताया जाता है कि पहाड़ी मोहल्ला निवासी मनीष उर्फ उपेंद्र सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रही बस ने उसे कुचल दिया. जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे. (नीचे भी पढ़े)
और आस पास के सड़क को जाम कर दिया.लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए काफी देर तक हंगामा किया. नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवियों ने स्थिति को और भड़का दिया. सड़क किनारे लगे बस को निशाना बनाते हुए उसमें आग लगा दी. इसके अलावा कई वाहनों पर पथराव कर तोड़फोड़ की गई. आधा दर्जन से अधिक वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए और खासकर दुपहिया वाहनों को निशाना बनाया गया. सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया गया. इसके साथ ही जिला प्रशासन के कई वाहनों में आग लगा दी गई. आगजनी की इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.(नीचे भी पढ़े)
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने की कोशिश की. लेकिन हालात काबू में नहीं आई. इसी दौरान उपद्रवियों ने पुलिस पर भी पथराव शुरू कर दिया. जवाब में पुलिस और उपद्रवियों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई. वहीं बस में लगी आग को बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.




